लखनऊ-जबलपुर चित्रकूट एक्सप्रेस में लगाई गई एलएचबी जर्मनी कोच।
- फोटो : BANDA
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल की रेल लाइनों के विद्युतीकरण के लगभग चार माह बाद इस रूट पर चलने वाली दो प्रमुख सुपरफास्ट ट्रेनों को भी इलेक्ट्रिक इंजन से चलाया जाएगा। ये ट्रेनें मानिकपुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली उत्तर प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और हावड़ा-ग्वालियर व मथुरा के बीच चल रही चंबल एक्सप्रेस हैं। शुरुआत सोमवार (7 अक्तूबर) को निजामुद्दीन से मानिकपुर आने वाली संपर्क क्रांति से होगी।
बांदा से मानिकपुर व कानपुर तथा झांसी रूट की रेलवे लाइनों में विद्युतीकरण का काम मई में पूरा हो गया था। ट्रायल के बाद पिछले माह से बांदा-झांसी रूट पर एक पैसेंजर ट्रेन और एक मालगाड़ी इलेक्ट्रिक इंजन से चलाई जा रही है। अब उत्तर मध्य रेलवे (नार्थ सेंट्रल रेलवे) ने संपर्क क्रांति और चंबल एक्सप्रेस को भी पूरे रूट पर इलेक्ट्रिक इंजन से चलाने की घोषणा कर दी है।
उत्तर मध्य रेलवे के सीपीटीएम जीके वर्मा ने बताया कि ट्रेन संख्या-12448 निजामुद्दीन-मानिकपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 7 अक्तूबर से इलेक्ट्रिक इंजन से चलेगी। मानिकपुर से निजामुद्दीन जाने वाली 12447 संपर्क क्रांति में 8 अक्तूबर से इलेक्ट्रिक इंजन लगेगा। ट्रेन संख्या-12175 हावड़ा-ग्वालियर चंबल एक्सप्रेस 8 अक्तूबर से इलेक्ट्रिक इंजन से चलेगी। 12176 ग्वालियर-हावड़ा एक्सप्रेस 10 अक्तूबर से इलेक्ट्रिक इंजन से लैस होगी। 12177 हावड़ा-मथुरा चंबल एक्सप्रेस में 11 अक्तूबर से और ट्रेन संख्या-12178 मथुरा-हावड़ा चंबल एक्सप्रेस में 14 अक्तूबर से इलेक्ट्रिक इंजन लगाया जाएगा।
महाकौशल व चित्रकूट एक्सप्रेस में भी एलएचबी कोच
चंबल एक्सप्रेस के बाद अब लखनऊ-जबलपुर के बीच चलने वाली चित्रकूट एक्सप्रेस और निजामुद्दीन-जबलपुर चलने वाली महाकौशल एक्सप्रेस में भी एलएचबी जर्मनी कोच लगाई गई है। आधुनिक तकनीक और सुविधाओं वाली इन बोगियों में पूर्व से बेहतर बर्थ, डिस्प्ले बोर्ड, वाई-फाई व बायो टायलेट की सुविधा है। उत्तर मध्य रेलवे के जन संपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि यह कोच दुर्घटना होने पर पलटती नहीं है।