अतर्रा। बैंक अधिकारी बनकर साइबर ठग ने मजदूर के मोबाइल पर फोन करके 43 हजार रुपये की ठगी कर ली। महिला की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अनथुवा निवासी मीरा पत्नी अरुण कुमार ने बताया कि पति देहरादून की सिलाई कंपनी में काम करते हैं। दो माह पूर्व छुट्टियों में गांव आए थे। बताया कि छह मई की दोपहर उसके पति के मोबाइल पर एक अंजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को एक बैंक अधिकारी बताया और कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड से जुड़ी कुछ जानकारियों की पुष्टि करनी है। इसके लिए उसने एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक करने को कहा। महिला ने साइबर ठग की बातों में आकर जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, वैसे ही अरुण के क्रेडिट कार्ड से 43,291 रुपये की रकम कट गई। मोबाइल पर तत्काल मैसेज भी आया। मीरा ने तुरंत उसी नंबर पर दोबारा फोन किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ और कुछ देर बाद स्विच ऑफ हो गया। महिला ने पति को जानकारी दी और पुलिस को अवगत कराया। कोतवाली प्रभारी ऋषिदेव सिंह ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जांच की जा रही है।
-
विवेकराज मिश्र