फतेहपुर से सवारियां भरकर बांदा आ रही रोडवेज बस शुक्रवार को देर शाम स्टेट हाइवे पर मुंगूस में नर्सरी के पास खाईं में पलट गई। हादसे में 26 लोग घायल हो गए। उधर स्टेट हाइवे पर डीसीएम की टक्कर से बोलेरो सवार चार यात्री जख्मी हो
गए। उधर, दो बाइकों की भिड़ंत में पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से एक
घायल को कानपुर रेफर किया गया है।
बस पलटने में घायल हुए लोगों में दीपक (22) पुत्र प्रकाश गिरि तिंदवारी, रामखेलावन (50) पुत्र मथुरा निवासी तेरही, रामबाबू (45) महोबा, रूपा देवी (35) पुत्री बाल कृष्ण कुल्पहाड़ (महोबा), अनूप (35) पुत्र शिवसहाय तिंदवारी. सौरभ (15) पुत्र राजेंद्र निवासी कोच (उरई), खिच्चू (63) व शिवबहादुर (35) निवासी बेंदा शामिल हैं।
अनूप को गंभीर हालत में पीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष तिंदवारी उपेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान विवेक सिंह आदि की मदद से घायलों को पीएचसी में दाखिल कराया गया।
उधर शुक्रवार को सुबह कानपुर से बांदा आ रही बोलेरो पर चिल्ला के नजदीक सामने से आ रहे डीसीएम ने टक्कर मार दी। बोलेरो सवार पवन (26) पुत्र बच्चू व तीन अन्य लोग घायल हो गए। पवन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, शुक्रवार को ही सुबह महेंदू (चिल्ला) गांव से निमंत्रण में शामिल होकर बाइक पर वापस पठानपुर (हमीरपुर) जा रहे अनिल (23), उसका दादा मेडे़लाल (60) और पड़ोसी शुभम (30) पैलानी के नजदीक सामने से आ रही बाइक की टक्कर से घायल हो गए।
दूसरी बाइक पर सवार किशन (20) व उसके साथी को भी चोंटे आईं। किशन को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है। बरसड़ा (नरैनी) निवासी जितेंद्र कुमार (40) शुक्रवार को गांव लौटते समय बाइक से गिरकर घायल हो गया।