बांदा। शहर के मोहल्ला गुलाब नगर में सेंट जेवियर्स स्कूल के पास सड़क पर जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बारिश के बाद सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाने से छोटे-छोटे बच्चों और राहगीरों को कीचड़ व गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इसी मार्ग से स्कूल जाने वाले बच्चे भी आवागमन करते हैं।
स्थानीय शशांक शुक्ला, दीपक दीक्षित, मनोज, देवेंद्र, श्यामजी सहित अन्य ने बताया कि मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण होने के कारण पानी की निकासी बाधित है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। पानी भरे होने के कारण दुपहिया और चार पहिया वाहनों को भी निकलने में परेशानी होती है और वाहन क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहता है।
मोहल्ले को तिंदवारी रोड से जोड़ने वाला यह मार्ग लंबे समय से बदहाल है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जलनिकासी की व्यवस्था कराने और सड़क की मरम्मत की मांग की है।