बबेरू। शनिवार को कस्बे व ग्रामीण क्षेत्रों में करीब दो घंटे हुई जोरदार बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया।
सड़कों पर दो फीट से अधिक पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई घरों में भी बारिश का पानी घुस गया, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं।
कस्बे के नई तहसील, रावणा मैदान, पुरानी तहसील, सराफा गली, करूइहा पुरवा, जमुनिहा पुरवा रोड सहित कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बनी रही। ग्रामीण क्षेत्रों के कई गांवों में भी पानी भरने से लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई।
लोगों ने प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। वहीं, झमाझम बारिश से खेतों में पानी भरने पर किसानों के चेहरे खिल गए। किसानों ने बारिश को खरीफ की फसलों के लिए लाभदायक बताते हुए खुशी जताई।