अतर्रा। नगर के सुलभ शौचालयों के बंद रहने से राहगीरों समेत स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शौचालय में ताला जड़ा होने से राहगीरों को खुले में शौच करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका ईओ को पत्र भेजा है।
रामलीला मैदान में स्थित महिला पिंक शौचालय उद्घाटन के बाद से ही बंद है। इसका निर्माण दो वर्ष पूर्व किया गया था। नरैनी विधायक राजकरण कबीर ने इसे जनता के लिए समर्पित किया था। इसी तरह पीजी कॉलेज के सामने स्थित सुलभ शौचालय में भी ताला जड़ा हुआ है। शौचालय बंद होने से कॉलेज समेत आसपास राहगीर खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। उधर, थाना के पास स्थित सुलभ शौचालय में प्रतिदिन सफाई न होने से गंदगी रहती है। दुर्गंध होने की वजह से अगल-बगल के दुकानदारों का बैठना मुश्किल है। इस समस्या पर शिव गोपाल गुप्ता, मंजुल मयंक, नीरज द्विवेदी, मोहित गुप्ता, राजेश तिवारी, सुरेश, कमलेश, मयंक, विकास, भानू आदि ने ईओ राम सिंह को पत्र भेजकर बंद शौचालयों को शुरू कराने की मांग की।