बांदा/अतर्रा। अगला पहिया पंक्चर हो जाने से बेकाबू हो गई आल्टो कार सामने से आ रही बोलेरो से जा टकराई। दोनों तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर में इन पर सवार चालक सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए। कार सवार घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। एक कानपुर रेफर कर दिए गए।
मंगलवार को सुबह कस्बे के गोपाल नगर निवासी विनोद कुमार कुशवाहा बोलेरो की सर्विस कराने बांदा जा रहे थे। ड्राइवर कमलेश (भरतकूप) बोलेरो चला रहा था। अतर्रा थाना क्षेत्र के नगनेधी गांव के नजदीक एनएच मार्ग पर सामने से आ रही आल्टो का अगला पहिया पंक्चर हो जाने से वह अनियंत्रित हो गई और सीधे बोलेरो से आ टकराई। कार बांदा की तरफ से भरतकूप की तरफ जा रही थी। बोलेरो सवार विनोद (31) को मामूली चोटें आईं। चालक कमलेश बाल-बाल बच गया। उधर, कार चालक हारुन उर्फ विक्की (28) पुत्र शरीफ अली व कार सवार मुकेश (23) पुत्र जयकरण (निवासीगण कालीन पहाड़ी, महोबा) और गोरेलाल (27) पुत्र सत्यनारायण (रौली, भरतकूप) व महेश (30) पुत्र रामरतन (महोखर) घायल हो गए। इन सभी को यूपी-112 ने जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से मुकेश को कानपुर रेफर कर दिया गया।