रायफल क्लब ग्राउंड पर राजनैतिक व अन्य आयोजनों के प्रयोग पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने एक बार फिर विरोध जताया है। कहा कि खेल मैदान को खेल के लिए ही रखा जाए। अन्य आयोजनों को अनुमति न दिए जाने की मांग की है।
मंगलवार को खिलाड़ियों के समूह ने सिटी मजिस्ट्रेट से मिलकर उन्हें सौंपे ज्ञापन में कहा कि रायफल क्लब ग्राउंड पर इन दिनों बुंदेलखंड स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता चल रही है। यह 15 फरवरी तक चलेगी।
मांग की कि इस अवधि में किसी भी राजनैतिक दल या अन्य संगठनों आदि को किसी भी आयोजन के लिए ग्राउंड की अनुमति न दी जाए। खेलकूद प्रतियोगिता प्रभावित होने से खिलाड़ियों में रोष पनप सकता है।
दरअसल 15 जनवरी को बसपाइयों ने अपनी पार्टी मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के जन्मदिन समारोह के लिए इस ग्राउंड की अनुमति प्रशासन से ले ली है। खिलाड़ी इससे नाराज हैं। उनका कहना है कि आयोजन से खेल में अवरोध आ सकता है।
दूसरी ओर सिटी मजिस्ट्रेट केएस पांडेय ने कहा कि क्रिकेट मैच के लिए कोई भी अनुमति नहीं ली गई है इसीलिए ग्राउंड पर बसपा के आयोजन की अनुमति दे दी गई है।
ज्ञापन देने वालों मेें वरिष्ठ खिलाड़ी लल्लू खां, शाहिद, अजहर अली, अलीम, राजेश कुमार, कुतैबा जमां, शोएब रिजवी, तौफीक अली, सत्येंद्र सिंह, शानू, चांद, इशरत खां, वरुण नंदा आदि शामिल रहे।