अतर्रा (बांदा)। जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे बाइक सवार युवक की एंबुलेंस से भिड़ंत में मौत हो गई। परिजनों ने जन्मदिन की पार्टी में दो दोस्तों पर जबरन शराब पिलाने का आरोप लगाया है।
महोबा जनपद के बल्लाय गांव निवासी बृजलाल ने बताया कि उसका बड़ा भाई गजेंद्र अहिरवार (30) की शनिवार की देर रात बांदा-प्रयागराज हाईवे पर केन नहर के पास मरीज लेकर मेडिकल कॉलेज जा रही एंबुलेंस से भिड़ंत हो गई। उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर एंबुलेंस को कोतवाली में खड़ा करा लिया। एंबुलेंस चालक फतेहगंज थाना क्षेत्र के बघेलाबारी गांव निवासी अरविंद ने बताया कि बाइक सवार शराब के नशे में धुत्त था। अचानक सामने आ गया था। इससे यह हादसा हो गया।
छोटे भाई बृजलाल ने बताया कि शनिवार को सुबह करीब 10 बजे गांव के ही अरविंद व जयपाल चरखारी में किसी परिचित के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने की बात कहकर गजेंद्र को घर से ले गए थे। शाम को मोबाइल से बातचीत करने पर पार्टी समाप्त कर रात में घर आने की बात कही थी। पता नहीं बाइक से वह अकेले कैसे अतर्रा आ गया। छोटे भाई ने दोनों दोस्तों अरविंद व जयपाल पर शराब पिलाने का आरोप लगाया है।
भाई बृजलाल का कहना है कि हो सकता है कि ज्यादा शराब के नशे में रास्ता भटक गया हो। मृतक गाजियाबाद में फैक्टरी में मजदूरी करता थी। 10 दिन पहले ही घर आया था। तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना से पत्नी रोशनी, मां धनकुर समेत अन्य परिजन बेहाल है। कोतवाली प्रभारी ऋषिदेव सिंह ने कहा कि शराब के नशे में गलत दिशा में एंबुलेंस से बाइक टकराने के कारण युवक की मौत हुई है। वह हेलमेट भी नहीं पहने था।