छाबी तालाब स्थित कालका देवी साईं मंदिर में अभिषेक व हवन पूजन के बाद भक्तों ने गाजे-बाजे के साथ शहर में साईं भगवान की पालकी यात्रा निकाली। महिलाओं ने पूजन व आरती की। शाम को भंडारा हुआ।
रात में साईं भजन व जागरण में कलाकारों ने महफिल सजाई। कालका देवी नव युवक समाज की ओर से साईं मंदिर में विविध धार्मिक आयोजन हुए। तीन दिवसीय कार्यक्रम में अंतिम दिन बृहस्पतिवार को सुबह अभिषेक व हवन पूजन में भक्तों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। दोपहर साईं मंदिर से भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई।
बैंडबाजे व ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा शहर में घूमी। शोभा यात्रा में राधा-कृष्ण, साईंनाथ और राम-लक्ष्मण व सीता की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। पालकी यात्रा के बाद मंदिर में आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को मंदिर परिसर में साईं भजन व जागरण हुआ। गायकों ने भजनों की प्रस्तुति से समां बांध दी।