समारोह में महिला लाभार्थी को सूखा राहत पैकेट सौंपते सपा विधायक विशंभर सिंह यादव, जिलाध्यक्ष शमीम बांदवी, डीएम योगेश कुमार, सपा प्रत्याशी दीपा सिंह गौर व देवराज गुप्त आदि।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। जिले में 38 हजार 92 गरीबों को राहत पैकेट बांटने के लिए छांटा गया था लेकिन मंगलवार को आयोजित समारोह में सिर्फ पांच सौ लोगों को ही राहत पैकेट बांटे गए। अभी शेष बचे 37,592 अति गरीबों को राहत पैकेट देने के बारे में कोई घोषणा नहीं की गई है। राहत पैकेट देने के लिए पांचों तहसीलों से बसों से सौ-सौ लाभार्थियों को बुलाया गया था। सभी के गले पर परिचय पत्र लटके हुए थे। इस पूरे सरकारी कार्यक्रम में सपा नेता छाए रहे।
मंच पर सिर्फ सपा नेता और प्रशासन व पुलिस के अधिकारी थे। सपा विधायक विशंभर सिंह यादव और जिलाध्यक्ष शमीम बांदवी सहित सपा के घोषित प्रत्याशी दीपा सिंह गौर (तिंदवारी) और देवराज गुप्ता (बांदा) ने राहत पैकेटों का वितरण किया। मंच पर विधायक ने मुख्यमंत्री की योजनाओं का बखान किया। डीएम योगेश कुमार ने भी सरकार की योजनाओं को जिक्र करते हुए कहा कि मनरेगा से तालाब खुदवाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार दिलाया जाएगा। कोटेदार हर हाल में राशन बांटेंगे। डीएम ने यह भी कहा कि कोई भी फरियादी उनसे किसी भी समय समस्या बता सकता है।
एडीएम दयाशंकर पांडेय ने कहा कि राहत पैकेट में 25 किलो आलू, 10 किलो आटा, पांच किलो चने की दाल, पांच लीटर सरसों का तेल, एक किलो देसी घी और एक किलो मिल्क पाउडर है। समारोह में पुलिस अधीक्षक आरपी पांडेय, अपर एसपी आशुतोष शुक्ल, सिटी मजिस्ट्रेट आरके श्रीवास्तव, परियोजना अधिकारी आरके पांडेय, बीएसए ओपी त्रिपाठी, जेएन कालेज प्राचार्य डॉ. नंदलाल शुक्ल, एसडीएम अनुज सिंह (बांदा), पुष्पराज सिंह (पैलानी), विनय पाठक (अतर्रा), महेंद्र सिंह (नरैनी) और सुरेंद्र यादव (बबेरू) सहित सभी तहसीलदार, पुलिस क्षेत्राधिकारी, सपा नेता अशोक सिंह गौर, निर्भय सिंह मोंटी आदि उपस्थित रहे। बालिका अंजली वर्मा और बालक गौरव वर्मा ने गीत पेश किया। संचालन डीडीओ श्रीकृष्ण त्रिपाठी ने किया।