अतर्रा (बांदा)। थाना बिसंडा क्षेत्र के गांव पारा में कोटेदार के खिलाफ हुई शिकायत, जांच और कार्ड धारकों के बयान के बाद पूर्ति निरीक्षक ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। कोटेदार पर कार्डधारकों का 295 क्विंटल राशन की कालाबाजारी करके रकम हजम करने का आरोप है।
गांव पारा में कुछ दिन पहले विधायक की जन चौपाल में कई ग्रामीणों ने कोटेदार पर राशन न देने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। यह प्रकरण जिलाधिकारी के संज्ञान में आया। इसके बाद पूर्ति अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए। जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर 23 जुलाई को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी बृजेंद्र कुमार ने गांव पारा पहुंचकर कोटेदार जागेश्वर यादव के यहां राशन की कालाबाजारी की जांच की थी। इसके बाद करीब 15 कार्ड धारकों ने अपने बयान दर्ज कराए थे।
इसमें उन्होंने बताया कि उनका अंगूठा पॉश मशीन में लगाकर उन्हें अगले महीने राशन देने की बात कहकर वापस लौटा दिया गया था। गांव पारा के कोटेदार जागेश्वर के पास पड़ोसी गांव डभनी का कोटा भी संबद्ध है। इसलिए डभनी के भी कार्डधारकों ने यही बयान दिए। जांच में पाया गया था कि करीब 119.15 क्विंटल गेहूं, 175.580 क्विंटल चावल और 63 किलोग्राम चीनी की कालाबाजारी हुई है।
स्टॉक के अनुसार यह अनाज व चीनी कोटेदार के पास गोदाम में होना चाहिए था लेकिन गोदाम खाली मिला। बुधवार को पूर्ति निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर कोटेदार जागेश्वर यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक राकेश तिवारी ने बताया कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है।