तिंदवारी/अतर्रा। तिंदवारी में श्रीगणेश पूजन के साथ 11 दिवसीय रामलीला महोत्सव का शुभारंभ हुआ।
अतर्रा के रघुनाथ भवन में रामलीला के छठवें दिन राम कलेवा और माता सीता की विदाई का मंचन किया गया। तिंदवारी में श्रीराम जन्मोत्सव पर ढोल-नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालु झूम उठे।
तिंदवारी में रविवार देर रात श्री रामलीला कमेटी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रीगणेश पूजन कर महोत्सव की शुरुआत की। मंच पर श्रीराम जन्म का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। इस दौरान कमेटी के अध्यक्ष अनिल लखेरा, प्रबंधक हरवंश श्रीवास्तव, महामंत्री अरविंद गुप्त सहित पदाधिकारी और रामभक्त मौजूद रहे।
अतर्रा के रघुनाथ भवन में श्रीरामचरितमानस समाज के तत्वावधान में राम कलेवा के बाद माता सीता की विदाई का मंचन हुआ। विवाह की रस्मों और मंगलगीतों के बीच राजा जनक और माता सुनैना का पुत्री से बिछड़ने का प्रसंग प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। सीता को श्रीराम के साथ अयोध्या विदा होते देख श्रद्धालु भावुक हो गए। रामलीला के महंत ताराचंद्र तिवारी सहित कमेटी पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।