बदौसा (बांदा)। दस्यु प्रभावित क्षेत्र में सरकारी निर्माण और विकास कार्यों में डकैतों द्वारा चौथ वसूली का सिलसिला फिर शुरू हो गया है। नवोदित गैंग राजू गिरोह ने बांदा व चित्रकूट की सरहद से जुड़े मध्य प्रदेश के सतना जनपद में हो रहे सरकारी कामों को रुकवा दिया है। इसके अलावा प्रधानों और ठेकेदारों को चौथ अदा न करने पर काम रोक देने और जान से मार देने तक की धमकी दी है। ददुआ, ठोकिया आदि बदमाशों के सफाए के बाद पाठा और दस्यु प्रभावित क्षेत्र में सरकारी निर्माण कार्यों और ठेकों पर डकैतों की वसूली थम गई थी लेकिन हाल ही में कुछ दिनों से सरहदी इलाकों में सिर उठा रहे नवोदित गैंग राजू गिरोह ने यह काम शुरू किया है। बरौंधा (सतना) थाना क्षेत्र के खोही गांव के सरपंच राजाभइया तिवारी ने बताया कि हाल ही में उन्हें फोन पर कई बार अपने को दस्यु राजू बताने वाले व्यक्ति ने 50 हजार रुपये की मांग की है।
न देने पर जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने बरौंधा थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। साथ ही ग्राम पंचायत के सारे काम बंद करा दिए हैं और खुद की सुरक्षा कर रहे हैं। इसी तरह बांदा जनपद के दस्यु प्रभावित क्षेत्र फतेहगंज थानांतर्गत खेरिया गांव के प्रधान प्रतिनिधि विमल तिवारी ने बताया कि हाल ही में पांच अप्रैल को वह मनरेगा के तहत हनुमंत कुटी संपर्क मार्ग का निर्माण करा रहे थे। तभी बाइक सवार दो अज्ञात लोग आ धमके। इनमें एक ने खुद को दस्यु राजू सिंह बताया। साथ ही अपना कमीशन शीघ्र न भेजने पर सबक सिखाने की धमकी दी। ग्रामीण दबी जुबान बताते हैं कि पिछले कई दिनों से माड़फा पहाड़ व जंगल में करीब आधा दर्जन बदमाशों का गिरोह देखा जा रहा है।
यह राजू गिरोह बताया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक राजू के पास एकनली बंदूक और रिवाल्वर है। गिरोह के अन्य सदस्यों के पास भी तमंचे व असलहे हैं। दस्यु राजू सिंह मूलरूप से चित्रकूट जनपद के राजापुर थानांतर्गत सरवारा गांव का रहने वाला है। उसके पिता संतोष सिंह फतेहगंज थाना क्षेत्र के भगवतपुर गांव में स्थित अपनी ससुराल में आकर बस गए थे। राजू सिंह पिता के साथ यहीं पला-बढ़ा। वह ट्रक में खलासी रहा और फिर चालक बनकर सतना की एक सीमेंट फैक्ट्री में ट्रक चलाने लगा। लेकिन चार माह बाद ही वह सीमेंट भरा ट्रक बेंचकर बागी हो गया। सतना पुलिस अधीक्षक ने उस पर पांच हजार रुपये का ईनाम घोषित किया है। उधर, फतेहगंज थानाध्यक्ष पंकज तिवारी ने बताया कि उन्हें कुछ प्रधानों ने मौखिक तौर पर दस्यु राजू के बारे में खबर दी है लेकिन किसी ने कोई तहरीर नहीं दी। न ही उनके क्षेत्र में कोई घटना हुई है। थानाध्यक्ष ने कहा है कि कांबिंग लगातार चल रही है।
=========