मृतक के घर पर घटना की जानकारी लेते तहसीलदार सुनील कुमार।
- फोटो : amarujala
हाईटेंशन तार एलटी लाइन पर टूटकर गिरने से गांव के घरों में करंट दौड़ गया। कूलर के करंट की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई। गेहूं फसल समेत कई घरों के उपकरण इत्यादि फुंक गए। तहसीलदार ने मौके का मुआयना किया।
घटना तिंदवारी थाना क्षेत्र के बेंदा गांव की है। गुरुवार को तड़के हाईटेंशन लाइन टूटकर एलटी लाइन पर गिर गई। लगभग दो दर्जन से ज्यादा घरों में हाई वोल्टेज करंट फैल गया। विवेक सिंह उर्फ बबलू (35) पुत्र इंद्रजीत अपनी पत्नी रानी (32) के साथ कमरे में सो रहा था। हाईवोल्टेज आने से कूलर में करंट उतर आया था। तभी सोते समय उसका पैर कूलर में छू गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया।
चिल्लाने की आवाज सुनकर पत्नी रानी ने बचाने की कोशिश की तो वह भी करंट से झुलस गई। शोर सुनकर परिजन आए और कूलर बंद कर अलग करने के बाद दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पत्नी रानी अस्पताल में भर्ती है। जहां लाइन टूटकर गिरी वहीं खेत में किसान लालजीत सिंह की रखी लगभग एक बीघा की गेहूं फसल भी राख हो गई।
कई घरों के टीवी, पंखे, कूलर, फ्रिज, बल्व आदि बिजली उपकरण भी फुंक गए। उधर, तहसीलदार सुनील कुमार पटेल ने मौके पर जाकर घटना का जायजा लिया। मृतक के पिता ने बताया कि विवेक के नाम 11 बीघा जमीन है। इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक, बेंदा शाखा का करीब डेढ़ लाख रुपये और सहकारी समिति का 40 हजार रुपये कर्ज है। प्रधानपति विवेक सिंह ने बताया कि रात को ही बिजली विभाग के अधिकारियों और पुलिस को फोन किया।
लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। जिलाधिकारी आवास में फोन करके घटना की जानकारी दी। डीएम डॉ.सरोज कुमार के हस्तक्षेप के बाद आपूर्ति बंद हो सकी। प्रधान पति ने नाराजगी जताई कि उच्चाधिकारियों को बिजली विभाग के गैर जिम्मेदाराना रवैए को दुरुस्त करना चाहिए।