बांदा। बांदा और आसपास के जनपदों में लगातार वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह को पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने पंजीकृत गैंग (डी-54) के रूप में घोषित किया है। इसमें महोबा के गैंग लीडर रज्जू कोरी और उसके दो साथियों को शामिल किया गया है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि जनपद महोबा के कबरई थाना क्षेत्र के मकरबई गांव के रहने वाले रज्जू कोरी गैंग बनाकर अपने साथी मटौंध थाना क्षेत्र के दुरेड़ी गांव के अमित यादव उर्फ बुग्गी, मुक्कु केवट के साथ मिलकर संगठित रूप से वाहन चोरी तथा अन्य घटनाओं को अंजाम देते हैं। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए इस गिरोह को वाहन चोरी का एक पंजीकृत आपराधिक गैंग (डी-54) के रूप में घोषित किया है।
पुलिस इस गैंग के अन्य सदस्यों की पहचान कर रही है। रज्जू कोरी के खिलाफ महोबा, बांदा व छतरपुर में 16 मुकदमे दर्ज हैं। अमित यादव के खिलाफ छतरपुर व मटौंध में तीन मुकदमे दर्ज हैं। जबकि मुक्कू केवट के खिलाफ मटौंध व छतरपुर में तीन मुकदमे दर्ज हैं।