ट्रेनों में महिला कोच अब गहरे पीले रंग में नजर आएंगे। रेलवे बोर्ड ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। झांसी समेत मंडल के अन्य स्टेशनों से चलने वाली ट्रेनों में महिला कोच की रंगाई-पुताई का काम शुरू कर दिया गया है।
महिलाओं की सुविधा के लिए ट्रेनों के आगे या फिर पीछे महिला कोच लगाए जाते हैं। कई बार कोच के पोजीशन पता न चलने से महिलाओं को प्लेटफार्म पर भटकना पड़ता है।
कोच की पहचान के लिए बाहर ट्रेन नंबर व नाम वाले बोर्ड में ही छोटे अक्षरों से महिला व महिला की आकृति का चिन्ह होता है। आसानी से महिला यात्री नहीं समझ पातीं।
जन संपर्क अधिकारी (झांसी) मनोज सिंह का कहना है कि पुराने कोचों में महिला कोच से संबंधित चिन्ह सही नहीं दिखते हैं। इससे अक्सर पुरुष यात्री महिला कोच में सवार हो जाते हैं। महिला यात्रियों को दिक्कतें होती हैं। रेलवे बोर्ड ने महिला कोच को गहरे पीले रंग से रंगने का आदेश दिया है।
झांसी समेत मंडल के अन्य स्टेशनों से चलने वाली ट्रेनों के महिला कोच की रंगाई पुताई का काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ट्रेनों में महिला कोच पीले रंग के होंगे। इसके साथ ही यह भी व्यवस्था की जा रही है कि ट्रेन में महिला कोच सबसे आगे लगाया जाए, जिससे कोच ढूंढने में महिला यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।