बांदा। रेलवे के नाले और गंदगी से बालिका कालेज में
फैल रहे प्रदूषण पर क्षेत्रीय पर्यावरण प्रदूषण अधिकारी ने संज्ञान लेते
हुए स्थलीय निरीक्षण कराया है। साथ ही रेलवे को कारण बताओ नोटिस जारी करने
का भरोसा दिलाया है।
पीयूसीएल सचिव सैय्यद अली मंजर ने पर्यावरण
प्रदूषण अधिकारी को दिए शिकायती पत्र में कहा था कि आर्य कन्या इंटर कालेज
की कक्षाओं में 16 खिड़कियां और रोशनदान उत्तर दिशा की ओर हैं, ताकि हवा और
रोशनी आ सके। इसमें रोजाना बालिकाएं बैठकर पढ़ती हैं।
कालेज की
दीवार से दो फिट दूरी पर रेलवे ने पक्का नाला बना रखा है। इसमें गंदगी पटी
पड़ी है। सड़ांध से कालेज की कक्षाओं में दुर्गंध के चलते बैठना मुश्किल
है। बालिकाओं की पढ़ाई बाधित हो रही है। मच्छरों का भी प्रकोप है।
नगर
पालिका भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही। शिकायती पत्र को संज्ञान में लेते
हुए क्षेत्रीय पर्यावरण कार्यालय के निरीक्षक रामदास ने शुक्रवार को
मौका-मुआयना किया।
उनके साथ सैय्यद अली मंजर के अलावा अधिवक्ता शिव
कुमार मिश्रा और पूर्व चेयरमैन अब्दुल हफीज फारुकी भी रहे। क्षेत्रीय
पर्यावरण अधिकारी ने बताया कि रेलवे को कारण बताओ नोटिस जारी की जाएगी।