मानिकपुर/चित्रकूट। एनसीआर प्रयागराज जोन के मानिकपुर जंक्शन में खाली पड़ी जमीन पर रेलवे आरसीसी बाउंड्री बना रहा है। इससे मोहल्ला पटेल नगर का रास्ता अवरुद्ध हो गया। निर्माण के विरोध में शुक्रवार को मोहल्लेवासियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष व विधायक प्रतिनिधि को लिखित पत्र दिया। इससे पहले भी प्रयागराज के रेल प्रबंधक को ज्ञापन दे चुके हैं।
मानिकपुर नगर पंचायत के पटेल नगर मोहल्ला रेलवे काॅलोनी से सटा है। इसमें करीब 200 परिवार निवास करते हैं। रेलवे कालोनी से ही आने जाने का रास्ता है। अब जंक्शन के विस्तारीकरण में रेलवे प्रशासन अपनी खाली पड़ी जमीन को सुरक्षित करने के लिए बाउंड्री बना रहा है। इससे लोगों के आवागमन के लिए रास्ता रुक गया है। कई घरों के मुख्य दरवाजे बंद हो गए हैं। इससे नगरवासियों में नाराजगी है।
सभासद मयंक सिंह ने बताया कि लोगों के आवागमन के लिए रेलवे प्रबंधक को पत्र दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया था कि आवागमन के लिए कुछ रास्ता छोड़ा जाएगा। इसके भी पूरा रास्ता बंद किया जा रहा है। इसे लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष रानी देवी व विधायक प्रतिनिधि विनोद कुमार द्विवेदी से मिलकर लिखित पत्र दिया और मांग किया कि आवागमन के लिए रास्ता दिलाया जाए।
इस मौके पर श्यामलाल, सुंदर यादव, छविलाल, लक्ष्मण प्रसाद, सुखलाल, मुन्ना, कमलेश, सोना सिंह, शशी, फूला देवी, शान्ती, देवनारायण, प्रेमा देवी, सुनीता, सुखिया देवी, ज्ञानवती, रामसंवारे आदि लोग मौजूद रहे।
एनसीआर के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि मानिकपुर जंक्शन का विस्तार हो रहा है। इसके लिए जमीन की जरूरत पड़ेगी। खाली पड़ी जमीन पर अतिक्रमण न हो इसलिए बाउंड्री बनवाई जा रही है।