डीएम डॉ. सरोज कुमार को ज्ञापन देते किसान यूनियन नेता।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के स्थानीय नेताआें ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर बंद पड़े धान खरीद केंद्रों के प्रभारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उधर, हिंदुस्तान किसान यूनियन ने भी ज्ञापन दिया। बुधवार को यूनियन जिलाध्यक्ष बलराम तिवारी के नेतृत्व में किसान नेताओं ने जिलाधिकारी को चार सूत्री मांग पत्र दिया। इसमें धान खरीद का समर्थन मूल्य बढ़ाने, पल्लेदारी किसानों से न वसूलने, भूमि संरक्षण विभाग प्रथम द्वारा पुरानी बंधियों में मिट्टी डाल नया काम दिखाकर गबन करने, किसान हित में ग्रामीण बैंकों को पर्याप्त धन मुहैया कराने आदि मांगें शामिल हैं।
महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजाबाई, छेदीलाल पाल, सुरेंद्र कुमार द्विवेदी, भोला मिश्रा, बालेंद्र सिंह आदि शामिल रहे। उधर, हिंदुस्तान किसान यूनियन राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र तिवारी ने प्रधानमंत्री को भेजे ज्ञापन में कर्ज माफी और बैंकों की लाइन में मृतक किसानों के परिजनों को 10 लाख मुआवजा देने की मांग की। मुफ्त खाद-बीज, किसान आयोग का गठन, मुआवजा वितरण में उगाही करने वाले लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई आदि मांगें भी शामिल रहीं।