बांदा। बारात रवानगी से चंद घंटे पहले दूल्हा संदिग्ध हालात में लापता हो गया। लोगों ने कई जगह तलाश की, पर पता नहीं चला। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर दूल्हे के बहनोई समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है।
शहर के मर्दननाका (हरदौल तलैया) निवासी मौलवी रमजान हुसैन के 23 वर्षीय पुत्र इरफान की बारात सोमवार शाम कालिंजर (बांदा) जानी थी। घर में मेहमानों की भीड़ थी। बारात रवानगी से कुछ घंटे पहले दोपहर 12 बजे दूल्हा इरफान बाल कटाने की बात कहकर घर से निकला। फिर लौटा नहीं। मंगलवार को दूल्हे के पिता की तहरीर पर शहर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई।
कोतवाली पुलिस ने शक के आधार पर दूल्हे के बहनोई पद्माकर चौराहा निवासी राजन और पड़ोस के बारी मोहाल निवासी राहत उल्ला को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली प्रभारी एके सिंह ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है। इरफान का मोबाइल फोन स्विच आफ बता रहा है। पिता ने बताया कि इरफान मुंबई में कपड़े का काम करता है। एक महीने पहले ही शादी के लिए घर आया था।
उधर, कालिंजर प्रतिनिधि के मुताबिक कटरा कालिंजर निवासी खालिक हुसैन उर्फ कल्लू की बेटी के साथ इरफान की शादी होनी है। 12 बजे रात तक बारात का इंतजार किया गया। बाद में दूल्हे के लापता होने का पता चला। इससे लड़की पक्ष के घर में खुशियां काफूर हो गईं। लड़की के पिता के मुताबिक लगभग डेढ़ लाख रुपये खर्च करके बारातियों के स्वागत की तैयारियां की गई थीं, जिन पर पानी फिर गया।