बांदा। बाजार से यूनिफार्म खरीद कर बच्चों को वितरित करने के आरोप में प्राथमिक विद्यालय, खरौली (कमासिन) के प्रधानाध्यापक तीरथ प्रसाद को निलंबित कर दिया गया है। डीएम के निर्देश पर बीएसए ने शिक्षक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
बीएसए हरिश्चंद्र नाथ ने बताया कि शासन की गाइड लाइन के अनुसार बच्चों को 15 अगस्त के पूर्व दो सेट यूनिफार्म दी जानी थी। निर्देश था कि यूनिफार्म सिलाई गई हों, लेकिन प्रधानाध्यापक ने शासन के आदेशों को दर किनार कर बाजार से सिली सिलाई यूनिफार्म खरीदकर बच्चों को वितरित कर दी।
इसकी शिकायत पर डीएम अमित सिंह बंसल ने इसे गंभीरता से लिया और बीएसए को कार्रवाई व रिपोर्ट के निर्देश दिए। खंड शिक्षाधिकारी को जारी पत्र में रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। प्रभारी इंस्पेक्टर (कोतवाली नगर) राजीव कुमार का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।