बांदा। हम दोनों अपनी मर्जी से खुदकुशी कर रहे हैं। हमारी आखिरी इच्छा है कि हम दोनों का अंतिम संस्कार एक साथ जरूर कर दें। सुसाइड नोट में लिखी इन बातों को दरकिनार कर दोनों के परिवार वालों ने शवों का अलग-अलग अंतिम संस्कार कर दिया। गांव में पुलिस तैनात है।
मटौंध थाना क्षेत्र के अछरौड़ गांव में बृहस्पतिवार को सुबह पेड़ पर फांसी में लटके मिले कथित प्रेमी-प्रेमिका के छोटे उर्फ केशव मिश्रा (45) और रिंकी उर्फ किरन गुप्ता (26) के शवों का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने केन नदी किनारे राजघाट में अलग-अलग अंतिम संस्कार कर दिया, जबकि रिंकी और केशव के दस्तखत वाले सुसाइड नोट में दोनों ने एक साथ अंतिम संस्कार की इच्छा जताई थी। घटनास्थल से पुलिस को मिले सुसाइड नोट में यह भी लिखा है कि दोनों मर्जी से खुदकुशी कर रहे हैं। परिवार का कोई हाथ नहीं है। दोनों परिवार आपस में झगड़ा न करें।
मटौंध थाना इंस्पेक्टर रामजी सिंह ने बताया कि एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात है। आत्महत्या से पूर्व दोनों ने शादी जैसी रस्में भी निभाई। केशव ने रिंकी की मांग भरने के साथ उसे मंगलसूत्र और चार नई अंगूठियां भी पहनाई थीं। इसी के बाद दोनों फंदे पर झूल गए। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया सुसाइड नोट की राइटिंग केशव की प्रतीत हो रही है, लेकिन हस्ताक्षर के तौर पर दोनों ने अपने नाम खुद लिखे। फिर भी जांच की जा रही है।