झुग्गी-झोपड़ी में भी अब गैस का चूल्हा नजर आएगा। गरीबी रेखा से नीचे जीवन बसर कर रहे बीपीएल और अंत्योदय परिवारों को केंद्र सरकार ने बिना जमानत राशि के घरेलू गैस कनेक्शन देने की योजना लागू की है। इस योजना में एक सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना से दोनों कार्डधारकों को गैस कनेक्शन में 1600 रुपये की छूट मिलेेगी।
केंद्र सरकार के फैसले के बाद इंडियन आयल कारपोरेशन ने यह योजना तत्काल प्रभाव से लागू कर दी है। बीपीएल और अंत्योदय कार्डधारक अपनी नजदीकी गैस एजेंसी से बिना जमानत राशि जमा किए गैस कनेक्शन हासिल कर सकते हैं। रविवार को यहां हार्पर क्लब में जिले के गैस एजेंसी संचालकों ने संयुक्त रूप से मीडिया को यह जानकारी दी।
मंडल मुख्यालय बांदा के प्रमुख गैस एजेंसी संचालक रामेंद्र शर्मा (आराधना इंडेन गैस) ने बताया कि इस योजना के तहत बीपीएल व अंत्योदय कार्डधारक सिर्फ एक सिलेंडर ही ले सकेगा। हाट प्लेट, रबर पाइप, गैस मूल्य और प्रशासनिक शुल्क कनेक्शनधारक को देना होगा। सिलेंडर और रेग्युलेटर सिर्फ पहली बार ही मुफ्त मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक उपभोक्ता अपना बीपीएल या अंत्योदय का मूल राशन कार्ड और उसकी फोटो प्रति के साथ एजेंसी से संपर्क करें। बीपीएल सूची का सत्यापन सक्षम अधिकारी द्वारा किए जाने के बाद ही कनेक्शन जारी किया जाएगा।
गौरतलब है कि एक सिलेंडर के कनेक्शन में 1450 रुपये सिलेंडर सिक्योरिटी और 150 रुपये रेग्युलेटर की जमानत राशि जमा होती है। बीपीएल या अंत्योदय कार्डधारकों को यह दोनों जमानत राशि (1600 रुपये) नहीं जमा करना पड़ेगा।
मीडिया वार्ता के दौरान गैस एजेंसी संचालकों में अतर्रा गैस एजेंसी, मयंक वर्षा इंडेन गैस एजेंसी नरैनी, तिंदवारी इंडेन गैस सर्विस, गरिमा इंडेन गैस एजेंसी बबेरू, विंध्यवासिनी गैस सर्विस मटौंध, जीशान इंडेन गैस सर्विस कोर्रही, इंडेन ग्रामीण वितरक महोखर, पवनसुत इंडेन वितरक मऊ, शुक्ला इंडेन ग्रामीण वितरक चिल्ला, दादा इंडेन ग्रामीण वितरक गिरवां, राठौर इंडेन ग्रामीण वितरक बड़ा गांव, ऋचा इंडेन ग्रामीण वितरक कालिंजर, शिव इंडेन ग्रामीण वितरक सिंधनकलां, अनीस इंडेन वितरक तुर्रा, सत्यदेव इंडेन वितरक सिंहपुर माफी आदि एजेंसियों के संचालक मौजूद रहे।