बांदा। शहर के मर्दननाका मोहल्ले में सरेशाम हुई युवक को गोली मारने की घटना को पुलिस संदिग्ध मानकर चल रही है। हकीकत जांचने के लिए एक टीम कानपुर रवाना की गई है। उधर, रविवार की देर शाम व सोमवार सुबह पुलिस मोहल्ले में पहुंची। लेकिन हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिला।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मर्दननाका मोहल्ला निवासी सरताजुद्दीन (25) को रविवार हमलावरों ने गोली मारकर गंभीर घायल कर दिया था। उसे जिला अस्पताल से कानपुर के लिए रेफर किया गया है। आरोप है कि कानपुर के रहने वाले एक व्यक्ति ने उसे गोली मारी है। घटना के समय हमलावर पांच लोग थे। घायल ने बताया कि कानपुर के रहने वाले व्यक्ति की पत्नी से उसने शादी की थी। वह तलाकशुदा थी। इसी को लेकर उससे रंजिश चल रही थी।
पूरे मामले में शहर कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि अभी तक की जांच में घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जांच में अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। हकीकत खंगालने पुलिस टीम कानपुर भेजी गई है। आरोपी पक्ष से भी संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।