बांदा। एफआईआर से लेकर पुलिस के अन्य विभागीय कार्य ऑनलाइन हो जाने के बाद भी थानों में तैनात सब इंस्पेक्टर और पुलिस कर्मी कंप्यूटर के ज्ञान से अनजान हैं। इसकी बानगी सोमवार को मटौंध थाने में डीएम हीरालाल के निरीक्षण में सामने आई। इस थाने के पांच सब इंस्पेक्टर कंप्यूटर पर कार्य नहीं कर पाते।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने समाधान दिवस की शिकायतें और अन्य अभिलेखों का जायजा लिया। शिकायतों को समय से और गुणवत्तापूर्वक निस्तारित करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज कुमार पांडेय को निर्देश दिया कि पिछले पांच थाना दिवसों में आए प्रकरणों का गुणवत्तापूर्वक निस्तारण कराकर अवगत कराएं।
कंप्यूटर न जानने वाले सब इंस्पेक्टरों को निर्देश दिए कि कंप्यूटर जानने वाले पुलिसकर्मियों से सीखे। डीएम ने थाने के पीछे घासफूस को साफ कराने के निर्देश दिए। छतों पर चढ़कर भी निरीक्षण किया। हवालात में सफाई करने को कहा। रिक्त गांवों में चौकीदारों की नियुक्ति के निर्देश दिए।
डीएम ने मध्य प्रदेश से आने वाले अवैध बालू के ट्रकों का रास्ता मध्य प्रदेश की सीमा तक जाकर देखा। सड़क के दोनों ओर जगह-जगह बालू के डंप ढेर नजर आए। निरीक्षण में मौजूद तहसीलदार अवधेश कुमार निगम को निर्देश दिए कि मध्य प्रदेश से आने वाली अवैध बालू के ट्रकों को रोकने के लिए बैरियर लगाए जाएं।
अवैध ट्रक जिले की सीमा में दाखिल न हो पाएं। बालू के ओवरलोडिंग ट्रकों से कई जगह सड़क ध्वस्त पाई गई। डीएम ने असंतोष जताया। सदर तहसीलदार को निर्देश दिए कि पीडब्ल्यूडी अधिकारी को पत्र भेजकर सड़क दुरुस्त कराएं। मौके पर मौजूद साइड सुपरवाइजर रमेश कुमार को खबरदार किया कि मानक और गुणवत्ता के साथ सड़क बननी चाहिए। कमी मिली तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
केन जल आरती में विद्यार्थियों को करें शामिल
बांदा। हरेक मंगलवार को केन नदी में जल आरती की हुई शुरुआत को जारी रखने और नदी के प्रति लोगों में रुझान और सम्मान बढ़ाने के निर्देश डीएम हीरालाल ने दिए। सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जल आरती की समीक्षा बैठक में डीआईओएस को निर्देश दिया कि आरती में विद्यार्थियों को शामिल कराएं। बिजली विभाग को निर्देश दिए कि नदी घाट पर रोजाना रोशनी और फोकस लाइट की व्यवस्था करें। दीपक, आरती पूजन के लिए नगर पालिका ईओ को जिम्मा सौंपा।
विकास प्राधिकरण व नगर पालिका को माइक और नाव व नाविक की व्यवस्था के निर्देश दिए। वन विभाग को नदी घाट हराभरा बनाने को कहा। नदी के आसपास कूड़ा करकट डालने पर प्रतिबंध के लिए ईओ को निर्देश दिए। कोतवाली प्रभारी से सुरक्षा व्यवस्था को कहा। बैठक का संयोजन रिटायर्ड प्रशासनिक अधिकारी सईद अहमद ने किया। एडीएम संतोष बहादुर सिंह व संजीव कुमार (न्यायिक), सीडीओ हरिश्चंद्र वर्मा, तहसीलदार अवधेश निगम, पीडी आरपी मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार, एसडीएम सुरजीत सिंह, प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश पांडेय आदि शामिल रहे।