बांदा। नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में दो मासूम सगे भाइयों की हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस अब अपराधी शेरा की गिरफ्तारी के प्रयास में है। पुलिस जंगल में उसकी टोह ले रही है। अपराधी की गिरफ्तारी से पूरे मामले का खुलासा लगभग तय है।
इस मामले में पुलिस अपनी ओर से शेष हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट भी जारी करा चुकी है, लेकिन शेरा समेत अन्य हत्यारोपियों के भूमिगत होने से पुलिस उन तक पहुंच नहीं पा रही है। उधर, नंदवारा गांव में एसआईटी की जांच जारी है। हत्यारोपी महेंद्र पाल वर्मा की पुत्रवधू ने हत्यारोपी व वादी के लाई डिटेक्टर व नार्को टेस्ट की भी मांग की है।
नरैनी पुलिस नंदवारा और आसपास के गांवों में आरोपियों की टोह में डेरा डाले है। इस कांड में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इनमें पूर्व मंत्री के पुत्र व पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र पाल वर्मा, हिस्ट्रीशीटर शेरा उर्फ ओमकार और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस अब इनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
सीओ सिटी एवं एसआईटी प्रमुख सौरभ सिंह ने बताया कि नंदवारा कांड लगभग खुलासे की ओर है। अपराधी शेरा की गिरफ्तारी होने पर इस घटना का खुलासा किया जाएगा। उसकी तलाश में पुलिस टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
-