बांदा। करोड़पति महिला की हत्या से किसको सबसे ज्यादा फायदा होना था कि दिशा में पुलिस हत्या की जांच में जुटी है।
बेवा के चित्रकूट स्थित बैंक के खाते खंगालने के लिए एक टीम भेजी गई है। पुलिस का मानना है कि बेवा की हत्या जमीन के बेचे गए रुपयों को लेकर की गई है। बदौसा थाना क्षेत्र हड़हामाफी गांव निवासी रामबाई (70) की अज्ञात लोगों ने बुधवार की रात गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। गुरुवार की सुबह पड़ोस की एक बच्ची के घर के अंदर जाने पर परिजनों और लोगों को हत्या की जानकारी हुई थी। हत्या को लेकर भतीजे पवन ने बताया कि बुआ ने डेढ़ साल पहले अपनी 11 बीघा जमीन दो करोड़ चार लाख में बेची थी।
बेवा की भतीजी बुधिया ने चित्रकूट के भौंरी में आर्यावर्त बैंक में रुपयों की एफडी कराई थी। उसके खाते में 27 लाख रुपये थे। बदौसा थानाध्यक्ष जयचंद सिंह ने बताया कि हत्या के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। एक टीम चित्रकूट स्थित बैंक गई है। बैंक से वह वृद्धा की नामिनी में किसका नाम चढ़ा है, और खाते का दुरुपयोग न हो इसके लिए खाते को होल्ड कराने की कार्रवाई की जा रही है। अब तक की जांच में पैसों की खातिर हत्या किए जाने की वजह सामने आ पाई है। जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।