बांदा। पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. ने मंगलवार को नवीन सभागार में मंडलीय पुलिस पेंशनर्स के साथ बैठक की। पुलिस पेंशनर्स की समस्याओं को सुनकर उनके निवारण के निर्देश दिए। उनसे सुझाव भी मांगे।
एसपी पलाश बंसल और एएसपी शिवराज ने बताया कि मंगलवार को मंडलीय पुलिस पेंशनर्स बैठक में बांदा, महोबा, चित्रकूट व हमीरपुर के पुलिस पेंशनर्स ने भाग लिया। पुलिस उप महानिरीक्षक ने पुलिस पेंशनर्स की समस्याओं को सुना। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के लिए यूपी-112 की ओर से चलाई जा रही सवेरा योजना के बारे में जानकारी दी।
सवेरा योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए यूपी-112 की ओर से चलाई जा रही एक विशिष्ट योजना है। योजना में सभी वरिष्ठ नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति या जरूरत पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाती है। बैठक के दौरान सभी को साइबर अपराध के तरीकों तथा उससे बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। बताया गया कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत इसकी शिकायत 1930 या स्थानीय थाने पर दर्ज कराएं।