बांदा। गिरवां थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को तड़के घर से 200 मीटर दूरी पर स्थित प्रेमी के घर पर खुली किराना दुकान में प्रेमिका का शव फंदे पर लटका मिला था। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया, लेकिन अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग ही सामने आया है।
प्रेमी और प्रेमिका के घरों की दूरी 200 मीटर है। मंगलवार की रात को 12 बजे तक किशोरी अपने घर में थी। परिजनों के सो जाने के बाद वह अपने प्रेमी के घर पहुंच गई थी। वहां पर संदिग्ध परिस्थितियों में 17 वर्षीय प्रेमिका ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। बुधवार को तड़के पुलिस, फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने बेटी के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतका के बाबा के मुताबिक घटना के बाद से युवक घर से भाग निकला था। गिरवां थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग सामने आई है। उन्होंने कहा कि मृतका के परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले की तहकीकात की जाएगी।