बांदा। बांदा और आसपास के जिलों में सक्रिय बागपत के चोर-लुटेरे गिरोह के सात बदमाशों को मटौंध, शहर कोतवाली व एसओजी की टीम ने शनिवार की देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। बदमाशों के पास से 17 लाख रुपये के तमंचे, कारतूस और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 20 हजार रुपये इनाम दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि बस, टेंपो आदि में बैग की चेन खोलकर, बैग काटकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले सात बदमाश मुठभेड़ में पकड़े हैं। इनमें बागपत के लोधी नगर थाना क्षेत्र के अब्दुल्ला खुर्द का मोहसिन, बिनौली थाना क्षेत्र के दोझा गांव का हारून, इमरान, मोहम्मद नूरूद्दीन, फारूक, हापुड़ जिले के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर गांव का मनोज, मुजफ्फर नगर के खतौली थाना क्षेत्र के खेड़ी कुरेरा गांव का इस्लामुद्दीन शामिल हैं।
ये लोग शनिवार की रात खैरार स्टेशन के पास संदिग्ध रूप से आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया तो फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में मोहसिन के पैर में गोली लग गई। मोहसिन को पुलिस ने रात में ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बदमाशों के पास से दो तमंचा 315 बोर, दो कारतूस, चोरी के आभूषण और 21055 रुपये समेत 17 लाख के सामान बरामद किए गए हैं। हारुन के खिलाफ बागपत, मटौंध और बांदा कोतवाली में 15 मुकदमे दर्ज हैं।
साइड
चोरी के सामान को गत्ते में छिपा लेते थे, आभूषण को गलवाकर बनवा लेते थे टंच
-बांदा, मटौंध व कबरई क्षेत्र में इन दिनों कर रहे थे रेकी
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 18 जून को मटौंध थाना क्षेत्र, 27 अप्रैल, 23 मई व 19 मई को शहर कोतवाली क्षेत्र और 17 मई को महोबा के कबरई गांव से चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। यह भी बताया कि बांदा, महोबा, हमीरपुर, चित्रकूट और आसपास के जिलों से आने वाले यात्रियों के बैग काटकर और चेन खोलकर आभूषण व कीमती सामान चुरा लेते थे। बताया कि साथ गत्ता लेकर चलते थे, जिसमें बैग और सामान छिपा देते हैं। चोरी किए गए आभूषणों को गलवाकर टंच बनवा लेते हैं। कुछ आभूषणों को बेचकर रुपये ले लेते हैं। पुलिस टीम ने कोतवाली नगर में तीन, मटौंध व कबरई में हुई कुल पांच चोरियों का खुलासा करते हुए लगभग 17 लाख के सामान को बरामद किया है।