साप्ताहिक अखबार से जुड़ी महिलाओं को मोबाइल फोन पर अश्लील मैसेज भेजने और ब्लैकमेल करने के मामले में आठ माह बाद शहर कोतवाली पुलिस ने सोनभद्र जनपद के एक युवक को गिरफ्तार किया है।
बुधवार को पुलिस अधीक्षक राकेश शंकर ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 22 जनवरी 2015 को साप्ताहिक अखबार (चित्रकूट) की मीरा देवी, कविता, तबस्सुम, श्यामकली ने बांदा कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्हें मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने के साथ धमकी दी जा रही है।
पुलिस ने आईपीसी धारा 507 और धारा 66ए आईटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की थी। एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से सोनभद्र जनपद के कस्बा घोरावल में छापा मारकर नीशू उर्फ सद्दाम पुत्र मोहम्मद इदरीस को उसके घर से गिरफ्तार किया।
उसके पास फर्जी आईडी के सिम कार्ड मिले हैं। रिपोर्ट में धारा आईपीसी 419, 420, 467, 468, 471 आई 387 भी बढ़ाई गई है। एसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार इनाम देने की घोषणा की। टीम में सीओ विनोद सिंह, कोतवाल एके सिंह, क्राइम ब्रांच निरीक्षक प्रेमपाल शुक्ला, स्वाट टीम प्रभारी पंकज तिवारी आदि शामिल रहे।
पकड़े गए युवक नीशू ने पुलिस के सामने ही मीडिया को बताया कि वह एनजीओ चलाता है। उधर, एसपी ने कहा है कि अब जिले के कस्बों मेें भी फर्जी आईडी से सिम की पकड़ का अभियान चलेगा।