बांदा। बेटे को खुदकुशी के लिए उकसाने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर माता-पिता ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फतेहगंज थाना क्षेत्र के करमाडांडी गांव निवासी रमेश सेन ने शुक्रवार को अधिकारियों को दिए पत्र में बताया कि उनके बेटे आशीष सेन ने 16 अक्तूबर को ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली थी। आरोप है कि गांव की एक युवती और उसके परिजन बेटे को धमका रहे थे और चार लाख रुपये की मांग कर रहे थे। रुपये न देने पर एससी-एसटी के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही थी।
आशीष ने खुदकुशी से पहले सुसाइड नोट भी छोड़ा था, जिसमें युवती का नाम लिखा था। परिजन का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस दौरान मनीषा सेन, मधु, राखी सेन, तुलसा, मुन्नी और सुशील आदि मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।