बांदा/बबेरू। क्लीन यूपी-ग्रीन यूपी अभियान के तहत बांदा-नरैनी मार्ग पर पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक के अभियंताओं ने पौधे लगाकर ग्रामीणों को इनकी सुरक्षा का संकल्प दिलाया। उधर, बबेरू के बेनी पुरवा प्राइमरी स्कूल में पौधे लगाए गए।
सोमवार को अधिशासी अभियंता आरसी शुक्ला ने तिंदवारा गांव के पास सड़क के दोनों ओर पौधे लगाकर पर्यावरण संतुलन और मानव जीवन में पेड़ों का महत्व बताया। वाहनों के धुएं से वायु प्रदूषण रोकने के लिए सड़कों के किनारे अधिक से अधिक पौधे लगाने की जरूरत बताई।
बताया कि पौधों की सुरक्षा विभागीय और वन कर्मी करेंगे, लेकिन इसके लिए ग्रामीणों का सहयोग जरूरी है। अवर अभियंता हनुमान प्रसाद चतुर्वेदी, पंकज द्विवेदी, मिथलेश तिवारी, खुदा बक्श, कांट्रेक्टर मोहम्मद रफीक खां, मोहन समेत विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
उधर, बबेरू के काजी टोला गांव के मजरा प्राथमिक विद्यालय, बेनी पुरवा में खंड शिक्षा अधिकारी राजीव प्रताप सिंह व प्रधानाध्यापक श्रीधर गुप्ता ने पौधे लगाए। एबीएसए ने ग्रामीणों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। टीचरों व छात्रों को लगाए गए पौधे संरक्षित करने के निर्देश दिए। पौधे लगाने के बाद स्कूल में बच्चों को फल बांटे गए।
सहायक अध्यापक ऊषा देवी श्रीवास्तव, प्रधान प्रतिनिधि लाखन निषाद आदि मौजूद रहे। उधर, गिरवां प्रतिनिधि के मुताबिक अदम्य साहस युवा सेवा समिति ने पैगंबरपुर के हनुमान बाग कुटि में पौध रोपण किया। अध्यक्ष चंदन शुक्ला ने बताया कि पौध रोपण अभियान चलता रहेगा। शिव सिंह, राजबहादुर सिंह, गरीबदास, रामकृष्ण कल्लू आदि उपस्थित रहे।