अतर्रा। जल निगम के कर्मचारियों की लापरवाही से जेसीबी ने खोदाई के दौरान पेयजल आपूर्ति की मुख्य पाइप लाइन को तोड़ दिया। इससे दो दिनों से 50 हजार की आबादी को पानी नहीं मिल रहा। क्षतिग्रस्त पाइप लाइन से गौराबाबा धाम रास्ते पर जलभराव हो गया है। इससे लोग परेशान हो रहे हैं।
दो दिन पूर्व नरैनी रोड स्थित सिद्धपीठ गौराबाबा धाम के पास जल निगम कर्मचारी जेसीबी से खुदाई करा रहे थे। इसी दौरान मुख्य पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे 48 घंटे से आजाद नगर, तिलक नगर, सिविल लाइन, नरैनी रोड, भद्रकाली रोड, भवानीगंज, लालथोक, बजरंग नगर और लोधू थोक समेत कई मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति ठप है। लोगों को दूरदराज लगे हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ रहा है।
लगभग 13 हजार घरों में रहने वाले 50 हजार लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। गौराबाबा धाम मार्ग पर जलभराव हो जाने से दलदल जैसी स्थिति हो गई।
तिलक नगर के हनुमान सिंह, सविता सिंह, सिविल लाइन निवासी प्रभा चौरिहा, गुड़िया मिश्रा, शिवगोपाल गुप्ता, भरतलाल गुप्ता, ममता द्विवेदी, बैजनाथ, मथुरा, सीताराम, रामफ़ल ने बताया कि गौराबाबा धाम के दर्शन के लिए जाने में दिक्कत हो रही है।
जल संस्थान के कर्मचारी पाइप लाइन बिछाने वाले ठेकेदारों को दोषी ठहरा रहे हैं, जबकि ठेकेदार जल संस्थान को कोस रहे हैं। जल कल अभियंता संदीप उपाध्याय ने कहा जल्द ही पाइप लाइन दुरुस्त कराई जाएगी।