बाल रोग विभाग की ओपीडी में महिलाओं व बच्चों की लगी भीड़। संवाद
बांदा। बारिश के मौसम में 10 साल तक के बच्चों में वायरल बुखार और पीलिया के केस बढ़ रहे हैं। महिलाएं बच्चों को दिखाने के लिए बाल रोग विभाग की ओपीडी पहुंची। यहां तकरीबन एक डॉक्टर की ओपीडी में 150 मरीज देखे गए। ज्यादातर बच्चे खांसी, जुकाम और बुखार और पीलिया से ग्रसित रहे।
जिला अस्पताल में रविवार को आधे दिन की ओपीडी होने के बावजूद महिलाओं को खासा इंतजार करना पड़ा। तकरीबन दो-दो घंटे इंतजार के बाद मरीजों का नंबर आया। बहुत सी महिलाएं अपने बच्चों को गोद में लिए डाॅक्टर के चेंबर के अंदर पहुंच गईं। डॉक्टर खुद उठकर उनकी लाइन लगवाते रहे।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि बारिश के मौसम में घरों के आसपास गंदगी और दूषित पानी पीने से बच्चों में पीलिया की शिकायत हो रही है। इसी तरह मौसम के घटते बढ़ते तापमान रात में ठंडा और दिन में गरम होने से वायरल की बीमारी हो रही है। डॉक्टर का कहना है कि ऐसे मौसम में खानपान में विशेष ध्यान रखें। बच्चों को खांसी, जुकाम होने पर दूसरे बच्चों से दूर रखें नहीं तो संक्रमण का खतरा हो सकता है।
लाइन में लगे हैं, नहीं आया नंबर
-कनवारा गांव से आए सागर ने बताया कि उसके तीनों बच्चों को बुखार, खांसी और जुकाम की समस्या है। सुबह नौ बजे से लाइन लगाए रहे। लेकिन साढ़े 11 बजने के बाद भी उनका नंबर नहीं आ सका है। घर में महिलाएं उपासी हैं। वह भी लाइन में लगी हैं।
-
-अपने बच्चे अभिराज को दिखाने आईं मां माया ने बताया कि उसके बच्चे को बुखार आ रहा है। काफी देर से अपनी बारी का इंतजार कर रहीं हैं। लेकिन अभी तक उनका नंबर नहीं आ सका है।
बाल रोग विभाग की ओपीडी में महिलाओं व बच्चों की लगी भीड़। संवाद