फोटो-5-बांदा-तिंदवारी मार्ग पर हो रहा पैचिंग कार्य। संवाद
बांदा। बांदा-तिंदवारी मार्ग के गड्ढों से परेशान राहगीरों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-2 ने रविवार से सड़क की डामर से पैचिंग शुरू कर दी है।
नवीन मंडी की ओर से अवंतीबाई चौराहे की तरफ गड्ढे भरे जा रहे हैं। हालांकि अभी कई जगह गड्ढे छोड़ दिए जाने से पैचिंग की गुणवत्ता को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग ने आठ सितंबर को गड्ढों को भरने के लिए कच्ची पैचिंग कराई थी। बारिश होते ही यह सामग्री बह गई और सड़क फिर गड्ढों में तब्दील हो गई। इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद अब विभाग ने डामर से पैचिंग का काम शुरू कराया है। रविवार से नवीन मंडी की ओर से अवंतीबाई चौराहे की तरफ पैचिंग कराई जा रही है।
हालांकि सड़क पर अभी काम पूरी तरह व्यवस्थित नजर नहीं आ रहा है। कुछ स्थानों पर गड्ढे भरे जा रहे हैं, जबकि आसपास के कई गड्ढे छोड़ दिए गए हैं। इससे पूरी सड़क को दुरुस्त किए जाने को लेकर स्थिति साफ नहीं है। हालांकि विभाग नवरात्र से पहले सड़क की दशा सुधारने का दावा कर रहा है।