फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़कों की हुई पैचिंग, फुटपाथ खाली कराए

Tue, 28 Apr 2015 11:37 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बांदा
विज्ञापन
विज्ञापन
सीएम के आने से पहले पुलिस लाइन से बलखंडी नाका तक की सड़क चकाचक की जा रही है। मुख्यमंत्री को इसी रास्ते से गुजरना है। तैयारियों की कमान डीएम और एसपी ने संभाल रखी है। शादी स्थल सारंग होटल में बुधवार को एनएसजी की टीम डेरा डाल देगी।
विज्ञापन


सीएम पुलिस लाइन में हेलीकाप्टर से उतरने के बाद राणा प्रताप चौराहा, कचहेरी ओवरब्रिज, स्टेशन रोड, जीजीआईसी होते हुए सारंग होटल पहुंचेंगे। विकास भवन गेट से लेकर राणा प्रताप चौराहा और इधर ओवरब्रिज तक सड़कों के किनारे का अतिक्रमण का सफाया कर दिया गया है। स्टेशन रोड से छावनी चौराहा होते हुए जीआईसी तक फुटपाथ के दुकानदारों को हटा दिया गया है। मंगलवार की दोपहर सड़कों की पैचिंग कराई गई।

उधर, सपा विधायक विशंभर सिंह यादव के पुत्र गौरव यादव के विवाह स्थल सारंग होटल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। पूरे होटल को बुधवार को एनएसजी कमांडो अपने सुरक्षा घेरे में ले लेंगे। यहां चुनिंदा मात्र 250 लोगों को ही बुलाया गया है। दूल्हा-दुल्हन को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आशीर्वाद देंगे।
विज्ञापन


बेघर गरीबों की निकली आह
विकास भवन के सामने सोमवार को चले अतिक्रमण अभियान में कई गरीबों के आशियाने उजड़ गए। गुटखा, पानी के पाउच बेचकर अपना तथा तीन नातियों का पेट पाल रही रानी देवी ने कहा कि जब भी कोई आता है, गरीबों पर ही प्रशासन का कहर टूटता है।

अब उसके पास सिर छिपाने की जगह नहीं है। फोटोकॉपी दुकानदार शशिकांत ने कहा कि नाली के बाहर बने आशियाने भी ढहा दिए गए। गिराए गए घर के मलबे में सामान खोज रही नीतू ने कहा कि उसका सब कुछ नष्ट हो गया। 24 घंटे से चूल्हा नहीं जला। रामकुमार ने बताया कि वह 35 साल से छप्पर डालकर रह रहा था। ऐसा कहर बरपेगा, सोचा भी नहीं था।

आम का पना पीएंगे, बांदा का सोहन हलवा खाएंगे सीएम
होटल सारंग में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व उनकी सांसद पत्नी डिंपल यादव के लिए विशेष डिश तैयार की जा रही है। होटल मैनेजर विनय कुमार ने बताया कि सीएम को स्नैक्स में पनीर से बनी डिश चीजबाल पेश की जाएगी। कुछ देर बाद उन्हें देशी आम का पना व बांदा का मशहूर सोहन हलवा परोसा जाएगा।

प्रशासन से होटल की सफाई और सजावट आदि के निर्देश मिले हैं। उसी के आधार पर काम किया जा रहा है। डीएम सुरेश कुमार और एसपी राकेश शंकर ने सोमवार को देर शाम होटल में व्यवस्थाएं देखीं।

जीआईसी मैदान से होटल तक होगी साज-सज्जा
सीएम की अगवानी में जीआईसी मैदान से होटल सारंग तक फूलों की सजावट होगी। होटल में सिर्फ रिंग सेरेमनी का कार्यक्रम है। सीएम 30 मिनट तक यहां रुकेंगे। यहां 250 लोगों के लिए भोजन व्यवस्था रहेगी।

सपा विधायक विशंभर सिंह यादव के मुताबिक कानपुर की एक फर्म को 22 लाख रुपये में जीआईसी मैदान से होटल तक साज-सज्जा की जिम्मेदारी सौंपी है। जीआईसी ग्राउंड में ही शाम को प्रीतिभोज होगा। इसमें भारी संख्या में लोग शामिल होंगे। पुलिस लाइन से होटल तक सड़कों के किनारे बैरिकेडिंग कराई जा रही है। इससे यहां करीब 400 से ज्यादा दुकानों की शटर बंद रहेंगे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें