वेतन वृद्धि और सफाई कर्मियों की दैनिक मजदूरी न बढ़ाने पर आंदोलन पर आमादा
सफाई कर्मचारियों ने 16 फरवरी से सफाई का काम बंद कर हड़ताल पर जाने की
चेतावनी दी है। सफाई कर्मियों ने प्रदर्शन के बाद शासन को इस आशय के ज्ञापन
भी भेजे हैं।
सोमवार को उत्तर प्रदेश राज्य सफाई मजदूर संघ
प्रांतीय सचिव अनिल भारतीय के नेतृत्व में सफाई कर्मियों ने नगर पालिका
परिषद में प्रदर्शन के बाद कुछ देर धरना दिया।
सफाई कर्मियों ने
विधायक विवेक सिंह के आवास पर आकर उनको ज्ञापन दिया। बाद में कलेक्ट्रेट
में सिटी मजिस्ट्रेट को दो मांगों वाला ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि
आउट सोर्सिंग में कार्यरत सफाई कर्मियों को सिर्फ 120 रुपये दैनिक मजदूरी
दी जा रही है, जबकि पिछले वर्ष जून में शासन 250 रुपये देने का आदेश जारी
कर चुका है।
इसी तरह संविदा कर्मियों को भी कम मजदूरी दी जा रही
है, जबकि शासन ने सफाई कर्मियों के बराबर वेतन और सुविधाएं देने का आदेश दे
रखा है। इस पर अमल नहीं हो रहा। सफाई कर्मियों ने मांग की कि शासनादेश के
मुताबिक 250 रुपये प्रतिदिन और संविदा कर्मियों के वेतन में बढ़ोत्तरी व
सुविधाएं दी जाएं।
सफाई कर्मियों ने चेतावनी दी है कि 15 दिन में
मांगे पूरी नहीं हुईं तो 16 फरवरी से सफाई का काम बंद करके स्वतंत्रता
स्मारक अशोक लाट में आंदोलन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में संघ
नगर संरक्षक प्रेम हजारिया, नगर अध्यक्ष मुकेश सहित बड़ी संख्या में
महिला-पुरुष सफाई कर्मी शामिल रहे।