अभियंता दिवस पर डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को चुनाव पूर्व उनकी पार्टी द्वारा की गई घोषणाओं की याद दिलाया। कहा कि महासंघ की मांगे उसकी अस्मिता से जुड़ी हैं, जिसे पूरा होना चाहिए। महासंघ ने अपने चरणबद्ध आंदोलन की शुरूआत रक्तदान से की है।
मंगलवार को उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स की बांदा यूनिट ने अभियंता दिवस मनाया। विश्वेसरैया सभागार में हवन-पूजन, वृक्षारोपण और भोज के साथ स्वर्गीय अभियंता दत्ता को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। 29 अभियंताओं ने नलकूप अधीक्षण अभियंता अजय मल्होत्रा के साथ जिला अस्पताल में रक्तदान किया।
बांदा में डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को तीन पन्ने का मांगपत्र भेजा। मुख्यमंत्री को याद दिलाया गया कि चुनाव के पूर्व जनसभाओं में सपा ने समयमान पदोन्नति, वेतन के रूप में तीन पदोन्नति दिए जाने की घोषणाएं की थी।
अभियंता संघ अध्यक्ष बागीशचंद्र द्विवेदी और सचिव एलएन गुप्ता द्वारा सामूहिक हस्ताक्षर कर दिए ज्ञापन में कहा गया है कि उपरोक्त पद अभियंता संवर्ग की अस्मिता से जुड़ा है। इन मांगों को पूरा किया जाए। अब 30 सितंबर तक रोजाना अभियंता काला फीता बांधकर काम करेंगे।
अगर कोई निर्णय न हुआ तो पहली अक्तूबर से सभी जिला मुख्यालयों में 48 घंटे का उपवास रखा जाएगा। उसके बाद आंदोलन की रणनीति बनेगी।
गोष्ठी, रक्तदान और ज्ञापन देने वालो में जनपदीय अध्यक्ष और सचिव सहित मंडल अध्यक्ष हनुमान चतुर्वेदी, सचिव जेके नायक, डीके श्रीवास्तव, गरुण देव, सुरेंद्र कुमार, श्याम बिहारी यादव, संजय तिवारी, प्रशांत शुक्ला, वीके शुक्ला, आशीष श्रीावस्तव, मोहम्मद सिद्दीक अहमद आदि शामिल रहे। संचालन एलएन गुप्ता ने किया।