चित्रकूट। राजापुर थाना क्षेत्र के रंपुरिया गांव में नित्य क्रिया के लिए खेत की ओर जा रही एक वृद्धा को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल वृद्धा की मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
रंपुरिया निवासी बाबूलाल ने बताया कि उसकी मां विदाईया देवी (80) शाम करीब सात बजे घर से खेतों की ओर जा रही थी। तभी घर से करीब 50 मीटर दूर जाते ही पीछे से तेज गति से आई बाइक ने टक्कर मार दी। इससे मां घायल हो गईं। उन्हें सीएसची में भर्ती कराया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे तो परिजन घायल को लेकर चले गए थे। सुबह मौत की जानकारी मिली है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।