फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banda News: सात महीने में सात फेरे नहीं करवा पाए अफसर

विज्ञापन
विज्ञापन
बांदा। गरीब परिवारों की बेटियों के हाथ पीले कराने के लिए संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में जिले के दो हजार से अधिक परिवार सात माह से इंतजार कर रहे हैं।
विज्ञापन

वित्तीय वर्ष के सात महीने बीतने के बाद भी समाज कल्याण विभाग इनके विवाह के आयोजन की तैयारियां पूरी नहीं कर सका। हालांकि अब 22 नवंबर को सामूहिक विवाह कराने की तैयारी है, लेकिन अभी तक यह भी तय नहीं हो पाया है कि आयोजन में कितने जोड़े शामिल होंगे। पात्रता जांच और आयोजन की तारीख तय करने में हुई देरी से आवेदक परिवार परेशान हैं।
मुख्यमंत्री की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह कराया जाता है। इसके लिए हर साल आवेदन लिए जाते हैं और आयोजन में वर-वधू को उपहार सामग्री भी दी जाती है। सामग्री की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी करानी होती है। इसके बावजूद जिले में समाज कल्याण विभाग समय से तैयारियां पूरी नहीं कर सका। सात माह तक आयोजन की प्रक्रिया क्यों अटकी रही, इसका स्पष्ट जवाब भी सामने नहीं आया है।
विज्ञापन

योजना के तहत एक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में सीधे भेजे जाते हैं। 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है, जबकि 15 हजार रुपये विवाह समारोह के आयोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च होते हैं। ऐसे में आयोजन में देरी के साथ उपहार सामग्री की खरीद और वितरण की व्यवस्था भी अहम है।


13 हजार का टेंडर, कैसे होगी 21 हजार की सामग्री की आपूर्ति
योजना में प्रत्येक जोड़े को 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री देने का प्रावधान है। इसमें कपड़े, आभूषण, बर्तन, गद्दे, कंबल समेत अन्य सामान शामिल हैं। बांदा में सामग्री आपूर्ति के टेंडर में एक फर्म ने महज 13 हजार रुपये की दर से निविदा डाली, जिसे प्रशासन ने स्वीकृत भी कर दिया।
ऐसे में सवाल उठता है कि निर्धारित सामग्री की आपूर्ति इतनी कम कीमत में कैसे होगी? फर्म से कम दर का आधार और सामग्री की गुणवत्ता को लेकर क्या स्पष्टीकरण लिया गया, यह भी स्पष्ट नहीं है। ऐसे में आपूर्ति के दौरान सामान की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन पर कड़ी निगरानी जरूरी होगी।
-
वर्जन

21 से 22 नवंबर के बीच होगा आयोजन
समाज कल्याण अधिकारी से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के आयोजन का ब्योरा मांगा गया है। करीब दो हजार आवेदन आए हैं। पात्रता जांच के आधार पर जोड़ों को शामिल किया जाएगा। आयोजन 21 से 22 नवंबर के बीच होगा। जल्द ही सभी जोड़ों को कार्यक्रम स्थल और आयोजन की तारीख के बारे में सूचित कराया जाएगा।
विज्ञापन

-अजय कुमार पांडेय, सीडीओ, बांदा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें