नरैनी क्षेत्र के बरछा डड़िया गांव में खुली बैठक में डीएम, एसपी, सीडीओ, सीएमओ
- फोटो : अमर उजाला
प्रशासन और पुलिस समेत कई विभागों के अफसरों ने गांव-गांव में चौपालें लगाकर सरकारी योजनाओं का प्रचार और सत्यापन किया। नरैनी क्षेत्र के कल्याणपुर, बरछा डड़िया, बघेलाबारी और तरसूमा में खुली बैठक कीं।
शनिवार को इन गांवों में आयोजित खुली बैठकों में डीएम डॉ.सरोज कुमार ने वरासत, शौचालय निर्माण, पेंशन, राशनकार्ड, पुष्टाहार, टीकाकरण, हौसला पोषण आदि के बारे में जानकारियां लीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का पात्रों तक पहुंचने में लेटलतीफी, भ्रष्टाचार या हीलाहवाली नहीं होनी चाहिए। साथ ही ग्रामीणों से कहा कि खुले में शौच की प्रथा पूरी तरह खत्म कर अपने गांव को ओडीएफ श्रेणी में लाएं। एसपी डॉ.श्रीपति मिश्र ने यूपी-100 डायल सुविधा के बारे मेें जानकारियां दीं। यह भी कहा कि चुनाव के मद्देनजर कोई दबंग या रसूखवाला परेशान करे तो गोपनीय सुविधा उपलब्ध कराएं।
सीडीओ आरके सिंह ने कृषक सर्वहित बीमा योजना के बारे में बताया। डीपीआरओ आनंद श्रीवास्तव ने शौचालय निर्माण प्रेरित करते हुए कहा कि शौचालय बनवाकर उसका फोटो देने पर 12 हजार रुपये खाते में भेज दिए जाएंगे। सीएमओ डॉ.जीएस वाजपेई ने ग्राम स्वास्थ्य शिक्षा समिति, जननी सुरक्षा आदि की जानकारियां दीं। बताया कि गर्भवती महिलाओं को 1400 रुपये दिए जाते हैं। अगर किसी का यह पैसा बाकी हो तो एएनएम को खाता नंबर उपलब्ध कराएं।
जिला कृषि अधिकारी बाल गोविंद यादव ने कृषि विभाग की योजनाएं बताईं। जिला उद्यान अधिकारी परवेज खां ने उद्यानीकरण और बागवानी के बारे में बताया। डीएम ने तरसूमा गांव में 17 और कल्याणपुर गांव में 43 मजदूरों को साइकिलें बांटीं। अन्य अधिकारियों में एसडीएम नरैनी सीएल सोनकर, अर्थ एवं संख्या अधिकारी आरडी यादव, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रणव पाठक, डीएसओ निर्मलेंदु कुमार आदि उपस्थित थे।