तिलौसा में स्वर्ण मुद्राएं मिलने की सूचना पर तालाब का निरीक्षण करते एसडीएम और सीओ।
- फोटो : BANDA
बबेरू। तालाब की खुदाई में स्वर्ण मुद्राओं का खजाना होने की सूचना पर एसडीएम महेंद्र प्रताप और सीओ राजीव प्रताप ने पुरातत्व विभाग की टीम आने तक काम बंद करा दिया है। हालांकि मुद्राएं मिलने की अधिकारियों ने पुष्टि नहीं की है।
कमासिन के तिलौसा गांव में लघु सिंचाई विभाग द्वारा तालाब की खुदाई कराई जा रही है। शनिवार की रात को तालाब की खुदाई होने पर ग्रामीणों ने स्वर्ण मुद्राएं मिलने की संभावनाएं जताई और इसकी जानकारी एसडीएम व थाना पुलिस को दी। रविवार को एसडीएम व सीओ ने मौके का निरीक्षण किया और मजदूरों से पूछताछ की।
तत्काल प्रभाव से काम बंद करा दिया। ठेकेदार को निर्देश दिए कि पुरातत्व विभाग की टीम की जांच के बाद ही काम शुरू कराए। उधर, खुदाई में सोने के सिक्के मिलने की चर्चा क्षेत्र में गर्म रही। ग्रामीणों का दिनभर तालाब किनारे जमावड़ा रहा। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस तैनात की गई है।