बांदा में मंडल मुुख्यालय के हॉटस्पॉट गूलरनाका में होम डिलीवरी में घटिया सामग्री की आपूर्ति की खबर पर मंडलायुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच और कार्रवाई करा दी। सिटी मजिस्ट्रेट ने खाद्य और नगर पालिका परिषद विभागों की टीम के साथ खुद मौके पर जाकर जांच की और आपूर्तिकर्ता दुकानदार की खाद्य सामग्री के तीन नमूने सील कराकर जांच के लिए भेजे हैं।
होम डिलीवरी में दिए गए बेसन में कीड़े और सड़ी सुपारी तथा कीमत भी अधिक लेने की रविवार (3 मई) को अमर उजाला में छपी खबर का मंडलायुक्त गौरव दयाल ने तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र सिंह नगर पालिका सहायक अभियंता श्रीश सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सौरभ कुमार, डीआरडीए सहायक अभियंता राजेश अग्रवाल, नगर पालिका सफाई निरीक्षक हेमंत कुमार और कर्मचारी दानिश अहमद आदि टीम के साथ गूलरनाका पहुंचे और होम डिलीवरी में दी गई खाद्य सामग्री के ग्राहकों से नमूने लिए। खरीददारों से बातचीत कर जानकारी ली। मौके पर आपूर्तिकर्ता व्यापारी को भी बुला लिया।
गोदाम में जाकर भी जांच-पड़ताल की। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सुपारी आदि खराब होने की बात व्यापारी ने स्वीकारी। होम डिलीवरी की जा रही सामग्री में सुपारी, चावल और आटा के नमूने लेकर सील बंद करके जांच के लिए भेज दिए गए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने मंडलायुक्त के निर्देशों का हवाला देकर कहा कि लॉकडाउन में किसी भी व्यापारी या दुकानदार आदि को अनुचित फायदा नहीं उठाने दिया जाएगा। मानक के मुताबिक सामग्री और निर्धारित दरों पर ही देनी होगी। वरना उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।