बांदा। क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष (ब्लाक प्रमुख) बबेरू को हटाने की कवायद आखिर रंग ले आई। हाइकोर्ट के आदेश पर 18 दिसंबर को अविश्वास प्रस्ताव के लिए मतदान होगा। इसकी नोटिस इसी वर्ष फरवरी माह में 58 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने दी थी। कुल सदस्यों की संख्या 106 है। डीएम हीरा लाल ने सदस्यों को मतदान संबंधी सूचना की नोटिस जारी किया है।
बबेरू में सपा प्रत्याशी के रूप में सुमन देवी ने ब्लाक प्रमुख सीट जीती थी। जनपद में कई ब्लाक प्रमुख सपा के हैं। सपा सरकार के जाने और भाजपा के सत्ता में आने के बाद सपाई ब्लाक प्रमुखों को हटाने की मुहिम शुरू हो गई।
पहली शिकार जसपुरा की सादिका खातून बनीं। अविश्वास प्रस्ताव के मतदान में उन्हें सीट गंवाना पड़ी। इसके बाद कुछेक और ब्लाकों में अविश्वास प्रस्ताव से सपाई ब्लाक प्रमुखों का सफाया करने की कवायदें चलती रहीं, लेकिन कहीं कानूनी तो कहीं अदालती अड़चनें आती रहीं।
बबेरू ब्लाक प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास जताते हुए 58 सदस्यों ने इस वर्ष की शुरूआत में फरवरी माह में जिलाधिकारी को सामूहिक शपथ पत्रों के साथ नोटिस दी थी। लेकिन मतदान बैठक किसी कारणोंवश स्थगित हो गई।
इस पर नोटिस देने वाले सदस्यों ने हाईकोर्ट में रिट दायर कर दी। सुनवाई के बाद अब हाईकोर्ट ने 20 नवंबर को डीएम को आदेश दिया है कि वह बैठक बुलाकर अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराएं। इस पर डीएम ने 18 दिसंबर बैठक के लिए निर्धारित कर दी है।