बांदा। प्रत्याशियों ने चुनाव खर्च की दूसरी किस्त का ब्योरा निर्वाचन आयोग के प्रेक्षकों को पेश कर दिया। उधर, दो प्रत्याशियों द्वारा उल्लंघन करने पर एक को नोटिस और दूसरे पर एफआईआर दर्ज कर वाहनों की अनुमति वापस लेने की कार्रवाई के निर्देश प्रेक्षक ने दिए हैं। प्रमुख दलों के आठ प्रत्याशियों की आपराधिक पृष्ठभूमि होने पर प्रेक्षक ने इसका ब्योरा प्रकाशित कराने के लिए नोटिस जारी करने के लिए रिटर्निंग अफसर को निर्देश दिए हैं।
गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में व्यय प्रेक्षक राणेंदू सरकार के समक्ष प्रत्याशियों ने चुनावी खर्च का विवरण प्रस्तुत किया। नरैनी क्षेत्र से अंबेडकर समाज पार्टी के प्रत्याशी लवलेश कुमार दूसरे चरण का खर्च पेश करने के लिए उपस्थित नहीं हुए। प्रेक्षक ने उन्हें नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
बबेरू क्षेत्र से भारत स्वाभिमान पार्टी के प्रत्याशी जयपाल द्वारा पूर्व में नोटिस दिए जाने के बाद भी व्यय लेखा का निरीक्षण नहीं कराने पर प्रेक्षक ने उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराकर वाहनों की दी गई अनुमति वापस लेने के निर्देश दिए। प्रेक्षक ने कहा कि जिन प्रत्याशियों का आपराधिक इतिहास है उसका ब्योरा आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन अवधि के दौरान तीन बार दो समाचार पत्रों में निर्धारित प्रारूप पर प्रकाशित होना चाहिए।
इनमें एक राष्ट्रीय स्तर का (75 हजार सर्कुलेशन) और एक स्थानीय भाषा का (25 हजार सर्कुलेशन) के अखबार शामिल हैं। साथ ही टीवी में भी तीन बार प्रसारित कराने के निर्देश दिए। आपराधिक इतिहास वाले प्रत्याशियों में तिंदवारी क्षेत्र से प्रत्याशी जयराम सिंह (बसपा), ब्रजेश कुमार प्रजापति (सपा), रामकेश निषाद (भाजपा), उत्तम (निर्दलीय), बांदा सीट से प्रकाश द्विवेदी (भाजपा), धीरज राजपूत (बसपा), बबेरू क्षेत्र से विशंभर सिंह यादव (सपा) और रामसेवक शुक्ला (बसपा) शामिल हैं। प्रेक्षक ने इनका आपराधिक इतिहास प्रकाशन कराने के लिए नोटिस जारी करने को रिटर्निंग अफसर को निर्देश दिया। व्यय निरीक्षण के दौरान मुख्य कोषाधिकारी दिनेश बाबू, प्रेक्षक के लायजन आफीसर संतोष कुमार व रामशरण प्रजापति, बचत अधिकारी/सहायक व्यय प्रेक्षक राकेश जैन आदि उपस्थित रहे।
प्रमुख दलों के प्रत्याशियों का अब तक हुआ चुनावी खर्च
बांदा : प्रकाश द्विवेदी (भाजपा)- 11,84,486 रुपये, मंजुला सिंह (सपा)- 16,23,412 रुपये, धीरज प्रकाश (बसपा)- 6,89,893 रुपये, लक्ष्मी नारायण (कांग्रेस)- 2,05,347 रुपये।
नरैनी : ओममणि वर्मा (भाजपा)- 22,42,103 रुपये, गयाचरन दिनकर (बसपा)- 6,75,137 रुपये, किरण वर्मा (सपा)- 8,76,729 रुपये, पवन देवी (कांग्रेस)- 4,54,634 रुपये।
बबेरू : अजय पटेल (भाजपा)- 14,85,994 रुपये, विशंभर सिंह यादव (सपा)- 10,90,032 रुपये, रामसेवक शुक्ला (बसपा)- 3,37,999 रुपये, गजेंद्र सिंह पटेल (कांग्रेस)- 3,38,588 रुपये।
तिंदवारी : रामकेश निषाद (भाजपा)- 14,14,630 रुपये, बृजेश कुमार प्रजापति (सपा)- 11,76,072 रुपये, जयराम सिंह (बसपा)- 4,60,719 रुपये, आदिशक्ति दीक्षित (कांग्रेस)- 8,84,975 रुपये।