विधान सभा चुनाव के चौथे चरण में नामांकन प्रक्रिया सोमवार से तहसील परिसर के अलग-अलग कक्षों में शुरू हो गई। पहले दिन एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ। अलबत्ता 31 दावेदारों ने 79 परचे जरूर लिए। अधिकांश परचे प्रत्याशियों के बजाए उनके प्रतिनिधि लेकर गए। नामांकन के दौरान कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। परचा लेने आने वाले प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों को ही तहसील में प्रवेश दिया गया। लेकिन आम नागरिकों को तहसील से 200 मीटर की दूरी पर ही रोका गया।
नामांकन पत्र लेने आने वालों को विधानसभा वार कक्ष की जानकारी के लिए भटकना नहीं पड़ा। ड्यूटी में तैनात तहसील कर्मचारी उन्हें कक्षों की जानकारी देते रहे। तहसील के मुख्य गेट समेत विधान सभावार बनाए गए कक्षों के गेट पर डोर मेटल डिटेक्टर लगाए गए। परचा लेने आने वालों को इन्हीं से गुजरना पड़ा।
जनपद की चारों विधान सभा सीटों के लिए 31 नामांकन पत्र लिए गए। इनमें बांदा सदर से 12, नरैनी से 8, तिंदवारी से 6 और बबेरू से 5 प्रत्याशियों ने परचे लिए। उधर, नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही जिलाधिकारी डा.सरोज कुमार और एसपी डा.श्रीपति मिश्र, एडीएम गंगाराम गुप्त, एएसपी मायाराम वर्मा समेत बड़ी संख्या में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
बांदा सदर- कुल पर्चे- 32 सेटः प्रकाशचंद्र द्विवेदी (भाजपा)-4 सेट, विवेक कुमार सिंह (कांग्रेस)-3, मधुसूदन कुशवाहा (बसपा)-4, संजीव गुप्ता (संयुक्त बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा)-2, गुलाबचंद्र कुशवाहा (भारतीय शक्ति चेतना पार्टी)-3, रामऔतार महतो (बहुजन मुक्ति पार्टी)-2, रामप्रवेश यादव (भाकपा, माले)-एक, श्याम सुंदर सिंह (कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया)-4, रवींद्रनाथ गुप्ता (रालोद)-2, अमित कुमार (शिवसेना)-2, ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव (निर्दलीय)-2 व मुकेशचंद्र जैन (निर्दलीय)-3 सेट ले गए।
तिंदवारी- कुल पर्चेे-14 सेटः दलजीत सिंह (कांग्रेस)-2 सेट, जगदीश प्रजापति (बसपा)-4, सुरेश कुमार निषाद (बहुजन मुक्ति पार्टी)-2, श्यामबाबू (सीपीआई)- 4 और निर्दलीय योगेंद्र सिंह व शिवविलास ने एक-एक सेट लिया। बबेरू- कुल पर्चेे- 15 सेटः किरन यादव (बसपा)-4 सेट, विशंभर सिंह यादव (सपा)- 3 सेट, चंद्रपाल कुशवाहा (भाजपा)- 3, शिवशरण (जन अधिकार मंच)- 2 और हसीब अली (सीपीआई)- 3 सेट ले गए। नरैनी (सुरक्षित)- कुल पर्चेे- 18 सेटः गयाचरन दिनकर (बसपा)-4, भरतलाल दिवाकर (कांग्रेस)- 2, राजकरन कबीर (भाजपा)-4, दयाराम वर्मा (सीपीआई)- 4 और निर्दलीय राजेंद्र कुमार, रामचरन श्रीवास, रामकृपाल व रामकिशोर ने एक-एक सेट लिए।