बांदा के चित्रकूटधाम मंडल में 22 खरीद केंद्रों पर अब तक गेहूं की खरीद न शुरू होने पर मंडलायुक्त गौरव दयाल ने सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि तीन दिन के अंदर हर हाल में खरीद शुरू की जाए। निर्देश दिया है कि खरीद के समय ही किसानों से उनका आधार कार्ड और बैंक पास बुक की फोटो कापी केंद्र में जमा करा ली जाए, जिससे भुगतान में विलंब न हो।
मयूर भवन सभागार में शनिवार की शाम मंडलायुक्त ने मंडल के सभी गेहूं क्रय एजेंसियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। निर्देश दिए कि सभी खरीद केंद्रों में किसानों को जरूरी सुविधाएं और व्यवस्थाएं उपलब्ध कराए। सोशल डिस्टेंसिंग पर आयुक्त ने खास जोर दिया।
यह बात सामने आने पर कि मंडल के 22 खरीद केंद्रों में एक पखवारा बीत जाने के बाद भी अब तक खरीद शुरू नहीं हुई, पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। किसानों को गेहूं की पूरी कीमत अदा न करने पर कुछ एजेंसियों से असंतोष जताया। पीसीएफ, यूपीएसएस और यूपी एग्रो द्वारा खरीद के सापेक्ष भुगतान कम किया गया है। बताया गया कि मंडल के चारों जिलों में एक लाख 90 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य शासन ने निर्धारित किया है।
विपणन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन राइस मिलर्स से अभी तक सीएमआर प्राप्त नहीं हुआ है, उनसे 15 दिन के अंदर प्राप्त किया जाए। संभागीय खाद्य नियंत्रक को निर्देश दिया कि वे इसमें व्यक्तिगत रूप से ध्यान दें। बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन चंद्रशेखर, संभागीय खाद्य नियंत्रक संजीव कुमार, उप निदेशक सूचना भूपेंद्र सिंह यादव सहित एआरसीएस, क्षेत्रीय प्रबंधक पीसीएफ और खरीद एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।