फोटो7 -खाद लेने के लिए साधन सहकारी समिति पनगरा में खड़े किसान। संवाद
अतर्रा। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के तहसील अध्यक्ष राजा सिंह की अगुवाई में गुरुवार को पदाधिकारी तहसील पहुंचे और एसडीएम राहुल द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने आरोप लगाया कि बीते 10 दिनों से तहसील अंतर्गत किसी भी सहकारी समिति व पीसीएफ केंद्र पर डीएपी और यूरिया खाद उपलब्ध नहीं है, जबकि फसल की बोआई के समय खाद की कमी से उत्पादन पर असर पड़ेगा।
किसानों ने यह भी बताया कि तहसील अंतर्गत ओरन और बदौसा क्षेत्र में निजी दुकानदार खाद का स्टॉक कर महंगे दामों में बेच रहे हैं, जिससे किसानों का शोषण हो रहा है। यूनियन पदाधिकारियों ने प्रशासन से तत्काल सहकारी समितियों में खाद उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं की गई तो धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने के दौरान जिलाध्यक्ष महेंद्र त्रिपाठी, दिलीप द्विवेदी, कल्लू पांडेय, सुशील चौरिहा, राजनारायण, इरशाद हुसैन, विचित्रवीर सिंह, पंकज गौतम, अधिवक्ता अवनीश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।